24 अक्टूबर 2014 - 19:43
सीरिया, कूबानी में झड़पें जारी, आतंकियों को भारी हानि

सीरिया के उत्तरी नगर कूबानी में आतंकवादियों को भारी हानि उठानी पड़ी है।

सीरिया के उत्तरी नगर कूबानी में आतंकवादियों को भारी हानि उठानी पड़ी है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कूबानी या एनुल अरब क्षेत्र के प्रमुख अनवर मुस्लिम ने शुक्रवार को तसनीम न्यूज़ एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि आईएसआईएल के आतंकी कूबानी नगर के केन्द्र की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे किन्तु उन्हें कुर्द मिलिशिया के ज़बरदस्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ा और इस कार्यवाही में उसके कई आतंकी मारे गये हैं। उन्होंने कुर्द पीशमर्गा के कूबानी पहुंचने संबंधी समाचारों के बारे में कहा कि अभी तक कुर्द पीशमर्गा का कोई भी सैनिक कूबानी नहीं पहुंचा है किन्तु इस संबंध में वार्ता जारी है। कूबानी नगर के इस अधिकारी ने बताया कि तुर्की की ओर से कूबानी में आतंकियों के ठिकानों पर अभी तक कोई हमला नहीं किया गया और आईएसआईएल के आतंकी कूबानी पर मार्टर गोलों से हमले कर रहे हैं।
कूबानी के एक अन्य स्थानीय अधिकारी अहमद शैख़ू ने भी तुर्क सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि अर्दोग़ान द्वारा आईएसआईएल के समर्थन के कारण आईएसआईएल के आतंकी घोर अपराध कर रहे हैं और इन आतंकियों में से कई का उपचार तुर्की के अस्पतालों में हो रहा है।
अहमद शैख़ू ने कूबानी में जारी युद्ध की वर्तमान स्थिति के बारे में कहा कि कूबानी के पूर्वी और दक्षिणी भाग में भीषण झड़पें हो रही हैं और नगर के भीतर तक फैल गयी है।